कोरबा. कोरबा के रिसदी इलाके में गुरुवार दोपहर अचानक लगी आग ने हड़कंप मचा दिया। वन विभाग की बर्ड नर्सरी देखते ही देखते आग की लपटों में घिर गई और कुछ ही मिनटों में बड़ा इलाका जलकर खाक हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पहले हल्का धुआं उठा, लेकिन तेज हवा के चलते आग इतनी तेजी से फैली कि किसी को संभलने का मौका नहीं मिला। देखते ही देखते हजारों पौधे, पेड़ और वहां रह रहे पक्षी व छोटे जीव इसकी चपेट में आ गए।
यह नर्सरी खास तौर पर वन विभाग ने तैयार की थी, जहां कई प्रजातियों के पक्षी और जीव रहते थे। आग में सांप, बिच्छू समेत कई जीवों के झुलसने की आशंका है, जिससे पर्यावरण को बड़ा नुकसान हुआ है।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से आग बुझाने की कोशिश शुरू की गई। करीब 3 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
फिलहाल आग लगने की वजह साफ नहीं है, लेकिन शुरुआती अंदेशा है कि किसी असामाजिक तत्व की हरकत हो सकती है। वन विभाग ने जांच शुरू कर दी है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

