मध्य पूर्व युध्द पर संसद में संग्राम,पीएम मोदी की चेतावनी, पेट्रोल कीमत पर विपक्ष का तीखा वार
नई दिल्ली(वीएनएस)।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्यसभा में पश्चिम एशिया युद्ध से उत्पन्न ऊर्जा संकट और महंगाई की चुनौतियों के प्रति देश को आगाह किया, वहीं लोकसभा में विपक्ष ने आगामी चुनावों के कारण पेट्रोल-डीजल की कीमतें नियंत्रित रखने और सरकार की आर्थिक नीतियों पर सवाल उठाए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को राज्यसभा में अपने संबोधन में पश्चिम एशिया में चल रहे अमेरिका-ईरान युद्ध से उत्पन्न चुनौतियों के लिए नागरिकों से तैयार रहने का आग्रह किया, और कहा कि ऊर्जा आपूर्ति श्रृंखलाओं और मुद्रास्फीति पर इसका प्रभाव दीर्घकालिक परिणाम दे सकता है। प्रधानमंत्री मोदी ने पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष और इसके कारण भारत के सामने आई चुनौतियों पर राज्यसभा में वक्तव्य देते हुए कहा कि तीन सप्ताह से अधिक समय हो चुका है तथा इस युद्ध ने विश्व में गंभीर ऊर्जा संकट पैदा कर दिया है। उन्होंने कहा कि भारत के लिए भी यह स्थिति चिंताजनक है। मोदी ने कहा कि सरकार ने एक अंतर मंत्रालयी समूह बनाया है जो नियमित बैठक कर आयात-निर्यात में आने वाली बाधाओं का आकलन करता है। मोदी ने कहा कि खाड़ी के देशों में करीब एक करोड़ भारतीय रहते हैं, वहां काम करते हैं। उन्होंने कहा कि उनका जीवन एवं आजीविका भारत के लिए बहुत बड़ी चिंता का कारण है।
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को लोकसभा में कहा कि केंद्र सरकार के अनेक उपायों के कारण देश में किसानों की आय केवल दोगुनी ही नहीं, बल्कि तीन गुनी भी हुई है और कई कृषकों की आमदनी तो आठ गुनी तक बढ़ी है। चौहान ने तृणमूल कांग्रेस के सांसद सौगत राय के पूरक प्रश्न का उत्तर देते हुए यह बात कही। कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने पश्चिम एशिया युद्ध का हवाला देते हुए मंगलवार को लोकसभा में दावा किया कि अगले महीने कुछ राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों के चलते पेट्रोल-डीजल की कीमतें नियंत्रित रखी जा रही हैं, लेकिन इन चुनावों के खत्म होते ही देश को नई आर्थिक वास्तविकता का सामना करना होगा।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद नवीन जिंदल ने पश्चिम एशिया में युद्ध के हालात की पृष्ठभूमि में मंगलवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने पहले भी प्रतिकूल परिस्थितियों में देश को संभाला है और इस बार भी संभालेगी। उन्होंने लोकसभा में वित्त विधेयक, 2026 पर चर्चा में भाग लेते हुए यह भी कहा कि ‘सबका साथ, सबका विकास’ सरकार का नारा नहीं, बल्कि विचारधारा है।कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने मंगलवार को सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि देश में सिर्फ ‘सिलेंडर संकट’ नहीं, बल्कि ‘सरेंडर संकट’ भी हैं जहां भारत के फैसले अमेरिका कर रहा है। उन्होंने लोकसभा में वित्त विधेयक पर चर्चा में भाग लेते हुए यह आरोप भी लगाया कि सरकार की गलत आर्थिक नीतियों के कारण देश को नुकसान का सामना करना पड़ रहा है

Reporter 

